छुटमलपुर में आंधी-बारिश का कहर, हाईटेंशन लाइन टूटी; सड़क पर आवागमन बाधित

छुटमलपुर में आंधी-बारिश का कहर, हाईटेंशन लाइन टूटी; सड़क पर आवागमन बाधित l
रिपोर्टर दिलशाद खान l
छुटमलपुर। कुदरत का मिजाज कब बदल जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। अक्टूबर माह में भी देश के कई राज्यों में लगातार बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का दौर जारी है। मौसम में हो रहे इस बदलाव से जहां आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं धान की फसल तैयार होने के समय बेमौसम बारिश किसानों के लिए भी परेशानी का कारण बन रही है।
इसी क्रम में रविवार दोपहर छुटमलपुर में अचानक मौसम ने करवट ली। तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण फतेहपुर थाने के पास एक पेड़ टूटकर हाईटेंशन बिजली की लाइन पर गिर गया। पेड़ गिरने से बिजली की लाइन टूट गई, वहीं सड़क पर आवागमन भी बाधित हो गया। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। गनीमत यह रही की कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ l
अक्टूबर माह में मौसम के इस बदले मिजाज ने एक बार फिर प्राकृतिक परिस्थितियों के सामने इंसान की बेबसी को उजागर कर दिया है। लगातार बदलते मौसम का असर खेती-किसानी से लेकर आम जनजीवन तक पर पड़ रहा है।



