उत्तराखण्ड

गड्ढों से आज़ादी के लिए देहरादून साइक्लिंग क्लब ने निकाली साइकिल रैली

देहरादून

देहरादून साइक्लिंग क्लब ने आज “देहरादून के गड्ढों से आज़ादी” और “पॉटहोल-फ्री देहरादून” के संदेश के साथ एक विशेष साइकिल रैली का आयोजन किया। रैली की शुरुआत सुबह 5:15 बजे बल्लूपुर से हुई। साइकिल सवार बल्लूपुर से पंडितवाड़ी, प्रेमनगर होते हुए पोंटा देहरादून हाईवे के रास्ते पोंटा साहिब पहुंचे।

 

साइकिल यात्रियों ने लगभग 8:10 बजे पोंटा साहिब पहुंचकर गुरुद्वारा साहिब में प्रार्थना की। इसके बाद सभी ने लंगर ग्रहण किया और फिर साइकिल से वापस देहरादून के लिए रवाना हुए।

 

देहरादून साइक्लिंग क्लब के अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने कहा, “साइकिल चलाना हमारे लिए केवल फिटनेस का माध्यम नहीं है, बल्कि जनता के मुद्दों को उठाने का एक प्रभावी माध्यम भी है। देहरादून और आसपास की सड़कों पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं। ये गड्ढे केवल असुविधा नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं और गंभीर हादसों का कारण बन सकते हैं। हमारा उद्देश्य साइकिल के माध्यम से इन जनसमस्याओं को सामने लाना और लोगों में जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाना है।”

 

उन्होंने बताया कि क्लब ने लोगों से सड़कों के गड्ढों की जियो-टैग्ड तस्वीरें भेजने की अपील की है। पिछले एक सप्ताह में क्लब को 50 से अधिक तस्वीरें प्राप्त हो चुकी हैं और प्रतिदिन नागरिकों द्वारा ऐसी शिकायतें एवं तस्वीरें भेजी जा रही हैं। क्लब इन तस्वीरों और स्थानों के आधार पर एक रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को सौंपेगा, ताकि समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई हो सके।

 

हरिसिमरन सिंह ने कहा, “हम उम्मीद करते हैं कि संबंधित अधिकारी इन शिकायतों को गंभीरता से लेंगे और जल्द से जल्द सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए कार्रवाई करेंगे। सुरक्षित सड़कें हर नागरिक का अधिकार हैं।”

 

देहरादून साइक्लिंग क्लब द्वारा हर रविवार कम्युनिटी राइड का आयोजन किया जाता है। इन राइड्स का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, फिटनेस, सड़क सुरक्षा और विभिन्न जनसमस्याओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।

 

आज की रैली में हरिसिमरन सिंह, सुरिंदर कुमार, ज्यांति प्रसाद, चित्रांग, हैरिस, प्रणय पंत, अमन, प्रांजल, चैतन्य, रिक्की गोस्वामी, अर्नब पॉल सहित क्लब के अन्य सदस्य एवं साइकिलिस्ट उपस्थित रहे।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button